समाज में सम्मान और समानता की सोच धीरे-धीरे मजबूत हो रही है। मुंबई हाईकोर्ट में थर्ड जेंडर के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था से लेकर 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) गोवा के इंडियन पैनोरमा में मराठी फिल्म ‘बाप्या’ के चयन तक, ये दोनों घटनाएं बढ़ती स्वीकार्यता की तस्वीर पेश करती हैं।
निर्देशक समीर तिवारी हाल ही में किसी निजी काम से बॉम्बे हाईकोर्ट पहुंचे थे। शौचालय की तलाश के दौरान उनकी नजर थर्ड जेंडर के लिए निर्धारित शौचालय पर पड़ी। उनके लिए यह महज एक सुविधा नहीं, बल्कि पहचान, सम्मान और समान अधिकारों को स्वीकार करने का संदेश था। इस छोटी-सी पहल ने उन्हें उम्मीद दी। उनका कहना है कि जब देश की एक प्रतिष्ठित न्यायिक संस्था थर्ड जेंडर समुदाय की जरूरतों को मान्यता देती है, तो यह सकारात्मक बदलाव का संकेत है। एक सभ्य समाज वही है जहां हर व्यक्ति को उसकी पहचान और जेंडर से परे समान सम्मान मिले।
तिवारी का मानना है कि ट्रांसजेंडर समुदाय को स्वीकार करना कोई नया चलन नहीं। भारतीय परंपराओं में थर्ड जेंडर समुदाय का महत्वपूर्ण स्थान रहा है। इतिहास में इस समुदाय के लोगों ने राजदरबारों और सामाजिक व्यवस्थाओं में अहम भूमिकाएं निभाई हैं। समावेशिता और स्वीकार्यता की यही सोच उनकी मराठी फिल्म ‘बाप्या’ का आधार है। फिल्म ऐसी दुनिया की कल्पना करती है जहां इंसान को उसकी पहचान के साथ स्वीकार किया जाए, व्यक्तिगत पसंद का सम्मान हो और प्यार को रूढ़िवादी सोच के दायरे में न बांधा जाए।
गंभीर विषय होने के बावजूद ‘बाप्या’ बोझिल फिल्म नहीं है। कॉमेडी, ड्रामा और प्रेम कहानी के जरिए यह जिंदगी के रंगों को सहज ढंग से पेश करती है। यह मनोरंजक पारिवारिक फिल्म है जो हंसाती और भावनाओं से जोड़ती है, साथ ही दर्शकों को समाज के प्रति अपनी सोच पर विचार करने का मौका भी देती है। तिवारी का कहना है कि फिल्म की यही सकारात्मक और मनोरंजक प्रस्तुति इसे खास बनाती है।
‘बाप्या’ का 57वें IFFI गोवा के इंडियन पैनोरमा में मेनस्ट्रीम सिनेमा श्रेणी में चयन बड़ी उपलब्धि है। निर्देशक ने इंडियन पैनोरमा की चयन समिति और NFDC का आभार व्यक्त किया है। फिल्म अब तक दुनियाभर के 25 फिल्म समारोहों में चयनित हो चुकी है, 17 पुरस्कार जीत चुकी है और 22 नामांकन प्राप्त कर चुकी है। जनवरी 2026 में पुणे इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (PIFF) में इसे संत तुकाराम पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
सिनेमाघरों और फिल्म समारोहों से आगे बढ़ते हुए ‘बाप्या’ अब अमेजन प्राइम वीडियो पर भी उपलब्ध है। इससे देशभर के दर्शकों तक इसकी कहानी और सकारात्मक संदेश पहुंचने का रास्ता खुला है। फिल्म की टैगलाइन ‘बाप्या, बघितलंत का?’ (बाप्या, देखा क्या?) दर्शकों से सवाल पूछती है। यह फिल्म मनोरंजन के साथ पुरानी सोच से आगे बढ़कर इंसान को इंसान के रूप में स्वीकार करने का संदेश देती है।
मुंबई हाईकोर्ट जैसी संस्थाओं की पहल और ‘बाप्या’ जैसी फिल्मों का चयन यह दर्शाता है कि सम्मान और समानता की दिशा में कदम आगे बढ़ रहे हैं। जब न्यायिक व्यवस्था और सिनेमा दोनों इस दिशा में काम करें, तो समाज में बदलाव की उम्मीद और मजबूत होती है। ‘बाप्या’ न सिर्फ मनोरंजन करती है, बल्कि सोच बदलने का भी प्रयास करती है।