ऑल इंडिया स्टील बॉटल्स एसोसिएशन ने स्टेनलैस स्टील की बोतलों के लिए सरकार द्वारा बीआईएस सर्टिफिकेशन लागू किए जाने की सराहना की
यह महत्वपूर्ण पहल ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ प्रोग्रामों तथा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ भारत के लक्ष्यों को समर्थन प्रदान करती है।
नई दिल्ली 30 जुलाई, 2024 : ऑल इंडिया स्टील बॉटल्स एसोसिएशन ने स्टेनलैस स्टील की बोतलों के लिए भारत सरकार द्वारा 5 जून 2024 से बीआईएस (ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैण्डर्ड्स) निर्देश लागू किए जाने की सराहना की है। यह महत्वपूर्ण पहल ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ प्रोग्रामों तथा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ भारत के लक्ष्यों को समर्थन प्रदान करती है। स्टेनलैस स्टील वैक्यूम-इंसुलेटेड वॉटर बॉटल और पोर्टेबल स्टेनलैस स्टील वॉटर बॉटल के लिए क्वालिटी कंट्रोल ऑर्डर (क्यूसीओ)- उद्योग जगत, खासतौर पर एमएसएमई सेक्टर के लिए बड़ा कदम है।
बीआईएस निर्देशों के तहत यह अनिवार्य है कि स्टेनलैस स्टील की किसी भी बोतल को बीआईएस सर्टिफिकेशन के बिना भारत में आयात नहीं किया जा सकता। इसके अलावा देश में बनाई और बेची जाने वाली स्टेनलैस स्टील की सभी बोतलों पर बीआईएस सर्टिफिकेशन होना चाहिए। उपभोक्ता मामलों, भोजन एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने स्पष्ट कर दिया है कि इन निर्देशों को लागू करने के लिए अब कोई छूट नहीं दी जाएगी। बड़े एवं मध्यम निर्माता अब बीआईएस-सर्टिफिकेशन के बिना कोई बोतल नहीं बेच सकते, वहीं छोटे एवं लघु निर्माताओं को क्रमशः 6 से 9 महीने की छूट दी गई है।