बच्चों से बुजुर्गों तक सबके लिए कुछ खास, यामी गौतम ने जयपुर में खोला 'नई नवेली' का राज
यामी गौतम ने जयपुर में कहा कि 'नई नवेली' का ट्रेलर भले डराए, पर फिल्म पूरे परिवार के लिए है। दशहरे पर शुक्रवार को सिनेमाघरों में दस्तक देगी यह अनूठी फिल्म।
जयपुर। गुलाबी शहर, गुलाबी सूट और सामने राजमंदिर की भीड़। गुरुवार रात कुछ ऐसा ही नजारा था, जब अभिनेत्री यामी गौतम अपनी नई फिल्म 'नई नवेली' के प्रमोशन के लिए जयपुर पहुंचीं। शाम को वे एयरपोर्ट पर उतरीं और रात में सीधे राजमंदिर सिनेमा पहुंचकर दर्शकों से रूबरू हुईं।
फिल्म शुक्रवार को दशहरे पर रिलीज हो रही है। त्योहार पर फिल्म आने की खुशी यामी के चेहरे पर साफ दिख रही थी। यामी ने जयपुर से अपना पुराना जुड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि यह बेहद खूबसूरत शहर है और इसकी तारीफ में दो नहीं, दो सौ शब्द भी कम पड़ जाएंगे। गुलाबी सूट पहनने की वजह भी उन्होंने खुद बताई। गुलाबी नगरी आ रही थीं, इसलिए रंग भी गुलाबी ही चुना।
फिल्म को लेकर यामी ने एक बात पर खास जोर दिया। उन्होंने कहा कि ट्रेलर देखकर लोगों को लगेगा कि यह डरावनी या डर और हंसी वाली फिल्म है, लेकिन ऐसा नहीं है। यह पूरी तरह पारिवारिक फिल्म है। यामी के मुताबिक इसमें बच्चों से लेकर घर के बुजुर्गों तक, सबके लिए कुछ न कुछ है। वे नए तरह की फिल्म लेकर आई हैं, जो मनोरंजन भी करेगी और अनूठा सिनेमा भी दिखाएगी। उन्होंने दर्शकों से फिल्म को खूब प्यार देने की अपील की।