दिनेश राजपुरोहित निर्देशित 'राधे कृष्णा' का फर्स्ट लुक रिलीज, करणी सेना अध्यक्ष ने किया उद्घाटन
राजस्थानी फिल्म 'राधे कृष्णा' का फर्स्ट लुक राष्ट्रीय करणी सेना अध्यक्ष शिवसिंह शेखावत ने जारी किया। भू-माफिया पर आधारित यह सोशल ड्रामा ग्रामीण समाज की कड़वी हकीकत दिखाएगी।
राजस्थानी सिनेमा को एक नई और सार्थक फिल्म मिलने वाली है। सामाजिक मुद्दों से जुड़ी फीचर फिल्म 'राधे कृष्णा' का फर्स्ट लुक पोस्टर शुक्रवार को भव्य समारोह में रिलीज किया गया। राष्ट्रीय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शिवसिंह शेखावत ने पोस्टर का अनावरण किया और फिल्म टीम को शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर फिल्म की पूरी स्टार कास्ट और प्रोडक्शन टीम मौजूद रही। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, बामनवास विधानसभा क्षेत्र की विधायक इंदिरा मीणा और सफारी ग्रुप के पवन गोयल भी उपस्थित थे। उनकी मौजूदगी ने आयोजन को और गरिमामय बना दिया।
फिल्म 'राधे कृष्णा' ग्रामीण राजस्थान की उस कड़वी सच्चाई को पर्दे पर ला रही है जिससे गांव के लोग रोज जूझते हैं। कहानी गांव के भोले-भाले लोगों और उनकी पुश्तैनी जमीनों के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म दिखाती है कि कैसे भू-माफिया और बाहरी ताकतें ग्रामीणों को बहला-फुसलाकर उनकी जमीनें औने-पौने दामों में हड़प लेते हैं। यह एक सशक्त सोशल ड्रामा है जो दर्शकों को न केवल मनोरंजन देगी बल्कि समाज में व्याप्त इस समस्या पर सोचने के लिए भी मजबूर करेगी।
फिल्म का निर्देशन अनुभवी फिल्मकार दिनेश राजपुरोहित कर रहे हैं। निर्माता राजवीर पोसवाल हैं जबकि सह-निर्माता भोमाराम देवासी हैं। कहानी विशजोश शर्मा ने लिखी है। असिस्टेंट डायरेक्टर की जिम्मेदारी आबिद खान और अशोक देवड़ा संभाल रहे हैं।