एनडीटीवी के अधिग्रहण और भविष्य की योजनाओं पर खुलकर बोले गौतम अदाणी
एशिया के सबसे अमीर व्यवसायी गौतम अदाणी ने ग्लोबल न्यूज़ ब्रांड बनाने की इच्छा जाहिर की
प्रणय रॉय के चेयरमैन बने रहने से नहीं कोई दिक्कत
भारतीय टाइकून ने 'सुपर ऐप' और कैमिकल्स इन्वेस्टमेंट में $4 बिलियन से अधिक की योजना बनाई है
मुंद्रा पोर्ट और स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन में एक पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स में $4 बिलियन से अधिक का निवेश
एशिया के सबसे अमीर व्यवसायी गौतम अदाणी ने कहा है कि वह न्यूज़ ब्रॉडकास्टर एनडीटीवी के अधिग्रहण को एक व्यावसायिक अवसर के बजाय "जिम्मेदारी" के रूप में देखते हैं। उन्होंने खुले तौर पर कहा कि यदि सरकार अच्छा कर रही है, तो मीडिया को इसे पूरी स्वतंत्रता के साथ दर्शना चाहिए। फाइनेंशियल टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में, गुजरात के अरबपति व्यवसायी ने उन आशंकाओं को भी खारिज कर दिया कि प्रणय रॉय के स्वामित्व वाले न्यूज़ चैनल 'नई दिल्ली टेलीविजन' (एनडीटीवी) को हासिल करने की कोशिश, मीडिया की स्वतंत्रता को खंडित कर देगी। इंटरव्यू के दौरान उन्होंने भविष्य की योजनाओं में एक ग्लोबल मीडिया ब्रांड बनाने की अपनी महत्वाकांक्षाओं समेत 'सुपर ऐप' और कैमिकल्स इन्वेस्टमेंट में $4 बिलियन से अधिक की योजना का खुलासा भी किया है।
अगस्त 2022 से देश की अग्रणी मीडिया कंपनियों में शामिल ‘नई दिल्ली टेलीविजन’ (एनडीटीवी) में 26 फीसदी हिस्सेदारी प्राप्त करने की कवायद में जुटे गौतम अदाणी से जब यह पूछा गया कि आप किसी मीडिया हाउस को स्वतंत्र रूप से कार्य करने और उसे ग्लोबल स्तर पर अपने पंख फैलाने में सपोर्ट क्यों नहीं करते, तो इसके जवाब में अदाणी ने कहा कि, "आजादी का मतलब है कि अगर सरकार ने कुछ गलत किया है, तो आप कहते हैं कि यह गलत है। लेकिन साथ ही, आपको हिम्मत रखनी चाहिए कि जब सरकार हर दिन सही काम कर रही है तो आप उसे भी प्रमुखता से दर्शाएं।"