पावरफुल नारी ग्रुप और स्पिरिचुअल वर्ल्ड फाउंडेशन ने किया सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम
भारत की पावरफुल नारी ग्रुप एवं स्पिरिचुअल वर्ल्ड फाउंडेशन ने सिटी पार्क में सोशल अवेयरनेस कार्यक्रम आयोजित किया। पक्षियों के लिए पानी के घड़े, जरूरतमंद बच्चों को क्रॉक्स-चप्पल और स्नैक्स वितरित कर सेवा भावना का सुंदर उदाहरण पेश किया गया।
जयपुर. गर्मी की तपिश भरी दोपहरी में भी सेवा और संवेदना का एक सुंदर उदाहरण पेश करते हुए भारत की पावरफुल नारी ग्रुप एवं स्पिरिचुअल वर्ल्ड फाउंडेशन ने संयुक्त रूप से एक प्रेरणादायक सोशल अवेयरनेस कार्यक्रम का आयोजन किया। सिटी पार्क में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में जागरूकता फैलाना और जरूरतमंदों की मदद करना था।
कार्यक्रम में सबसे दिल छू लेने वाला पहलू पक्षियों के प्रति दिखाई गई संवेदना था। आयोजकों ने सिटी पार्क में ५० से अधिक परिंडे (पानी के घड़े) लगाए, ताकि भीषण गर्मी में प्यासे पक्षी पानी पी सकें। यह छोटा सा कदम प्रकृति के प्रति मानवीय दायित्व की याद दिलाता है।
इसके साथ ही स्कूलम एनजीओ के अंतर्गत पढ़ने वाले लगभग ७०-८० जरूरतमंद बच्चों के लिए क्रॉक्स एवं चप्पलों की व्यवस्था की गई। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने के लिए चॉकलेट, जूस, फ्रूट जूस, बिस्किट्स और चिप्स का भी वितरण किया गया। इन छोटी-छोटी चीजों ने बच्चों को खुशी का अनुभव कराया और समाज के प्रति सकारात्मक सोच को मजबूत किया।
भारत की पावरफुल नारी ग्रुप ने स्कूलम एनजीओ की डायरेक्टर मालविका अग्रवाल का विशेष धन्यवाद व्यक्त किया। उनके अथक सहयोग और समर्थन के कारण ही यह कार्यक्रम इतनी सुंदरता से संपन्न हो सका। मालविका अग्रवाल के प्रयासों की सराहना करते हुए आयोजकों ने कहा कि उनकी भागीदारी ने पूरे कार्यक्रम को नई ऊर्जा प्रदान की।