सोनू शर्मा ने जयपुर में बताया सफलता का राज
राहाबा और घर देखो ऑनलाइन के संयुक्त आयोजन में सोनू शर्मा ने रियल एस्टेट पेशेवरों को अनुशासन और सिस्टम से कामयाबी का फॉर्मूला बताया। कार्यक्रम में फ्री प्रॉपर्टी पोस्टिंग की भी घोषणा की गई।
जयपुर। शुक्रवार को बिरला सभागार में रियल एस्टेट पेशेवरों के लिए एक प्रेरणादायक और व्यावहारिक सत्र का आयोजन किया गया। “अनलॉक योर ड्रीम” शीर्षक वाले इस कार्यक्रम में प्रमुख मोटिवेशनल स्पीकर और ट्रेनर सोनू शर्मा ने अनुशासन तथा सिस्टेमैटिक प्रक्रिया को सफलता की असली कुंजी बताया।
कार्यक्रम का आयोजन घर देखो ऑनलाइन और राजस्थान हाउसिंग बिल्डर्स एसोसिएशन (राहाबा) के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। राहाबा के अध्यक्ष सौरभ सक्सेना ने सोनू शर्मा का पारंपरिक राजस्थानी चुन्नी पहनाकर भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर सक्सेना ने बताया कि वे पिछले करीब सात वर्षों से सोनू शर्मा के मार्गदर्शन में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सोनू शर्मा से 15 घंटे की विशेष सेल्स ट्रेनिंग लेकर सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।
सत्र के दौरान घर देखो ऑनलाइन के पार्टनर प्रवीण देवतवाल ने एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि घर देखो ऑनलाइन की वेबसाइट और ऐप पर प्रॉपर्टी खरीदने, बेचने या किराए पर देने के लिए पोस्टिंग अब एक साल तक पूरी तरह फ्री रहेगी। इस कदम से रियल एस्टेट एजेंट्स और बिल्डर्स को अपने व्यवसाय को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर मजबूती से बढ़ाने में मदद मिलेगी।
सोनू शर्मा ने अपने संबोधन में स्पष्ट रूप से कहा कि जीवन में दो चीजें सबसे ज्यादा जरूरी हैं — अनुशासन और प्रक्रिया। उन्होंने जोर देकर कहा, “अगर कोई व्यक्ति इन दोनों को लंबे समय तक लगातार अपनाता है, तो सफलता उसके जीवन में निश्चित रूप से आती है।”